थाने में पिटाई से मौत मामले की होगी मजिस्ट्रेट जांच
जयपुर का मामला, मुहाना थाने के पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप, इलाज के दौरान मध्यप्रदेश निवासी ऋतुराज की मौत, मुर्दाघर पहुंचे न्यायिक मजिस्ट्रेट, तब परिजन शव लेने को राजी हुए
SMS हॉस्पिटल के मुर्दाघर के बाहर जमा परिजन और मध्य प्रदेश से आए नेता लोग
जयपुर के मुहाना थाने में पुलिस द्वारा कथित मारपीट में घायल ऋतुराज की मौत मामले में परिजन न्यायिक जांच शुरु होने पर शव लेने को राजी हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार सुबह सवाई मानसिंह अस्पताल पर ही न्यायिक मजिस्ट्रेट को बुला लिया। उनकी निगरानी में पोस्टमार्टम शुरू हुआ। परिजन शव लेने को राजी हुए। हालांकि इस दौरान ऋतुराज की मां हेमा मुर्दाघर के बाहर लगातार रोती बिलखती रही। वह बार बार उन लोगों को कोस रही थी, जिन्होंने उसके बेटे की जान ली।
इस मामले में मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र से काफी नेता लोग और गांव वाले जयपुर आ गए थे। मुहाना थाने का घेराव करने जा रहे थे। इस बीच मंगलवार सुबह एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा व अन्य पुलिस अधिकारी मुर्दाघर पहुंचे। परिजनों की तीन मांग थी।
घटना की न्यायिक जांच, आरोपी पुलिसकर्मियों व अन्य की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, इनमें से न्यायिक जांच शुरू करा दी गई, अन्य मांगों पर भी उचित ढंग से विचार के आश्वासन मिलने पर परिजन व मध्यप्रदेश से आए नेता लोग सहमत हुए तब पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम शुरू किया दिया।
पुलिस द्वारा कथित पिटाई से ऋतुराज की मौत के आरोप
मध्य प्रदेश के मल्हारगढ़ क्षेत्र के गांव के रहने वाले प्रकाश के बेटे ऋतुरात की कथित तौर पर 21 सितंबर को पुलिस कर्मियों व अन्य लोगों द्वारा पिटाई किए जाने से तबियत खराब हो गई थी। पुलिस उसे पहले एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गई थी। वहां से एसएमएस अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया था। यहां सोमवार तड़के ऋतुराज की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट कर हत्या के आरोप लगाए थे। मामला दबाने के लिए पुलिस वालों पर परिजनों को 10 लाख रुपए ऑफर करने के भी आरोप हैं।
यह भी पढ़ें