सांगानेर में 18 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर भाई से हुआ था विवाद, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया
समझाने चले थे, हाथ उठाकर फंस गए
जयपुर। राजधानी जयपुर के मालपुरा गेट थाना इलाके के गोविंद नगर में 18 वर्षीय युवक अमन की फंदा लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान भाई से हुए विवाद के बाद अमन को साथ रहने वाले कुछ अन्य युवकों ने डांट दिया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट भी की गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने युवकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अमन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला था। वह जयपुर के सांगानेर इलाके में रंगाई-छपाई की फैक्ट्रियों में काम करने वाले युवकों के साथ रहता था। अमन भी इन्हीं युवकों में शामिल था। वह अपने भाई और कुछ अन्य युवकों के साथ गोविंद नगर स्थित एक फ्लैट में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि रविवार को अमन मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर फ्लैट में साथ रहने वाले कुछ अन्य युवकों ने भी अमन को डांट दिया। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। घटना से आहत होकर अमन ने कथित तौर पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक छा गया। घटना को लेकर अमन के परिजनों ने मालपुरा गेट थाना पुलिस से शिकायत की और साथ रहने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में दो युवकों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। पुलिस विवाद के कारणों और युवक की मौत से जुड़े घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़ें