भिवाड़ी में लोगों के मोबाइल लूटने वाला टिंडा गिरफ्तार
बाबा मोहनराम काली खोली धाम की पहाड़ी पर युवक से झपट्टा मारकर छीना था मोबाइल, कंपनियों में छुट्टी के समय मजदूरों पर निशाना
पुलिस से बचकर भागने के चक्कर में टांग तुड़वा ली
औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भिवाड़ी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गिरफ्तार एक आरोपी का नाम है रोहित उर्फ टिंडा (22) निवासी नांगलिया, थाना भिवाड़ी और दूसरा गुरुप्रीत सिंह उर्फ गोपी (24) निवासी गौना, थाना भिवाड़ी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया सैमसंग मोबाइल भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कंपनियों, कॉलोनियों और बाजारों के आसपास पहले रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर राह चलते लोगों के मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। विशेष रूप से कंपनियों में छुट्टी होने के समय मजदूरों को निशाना बनाया जाता था। वारदातों के बाद छीने गए मोबाइल फोन दूसरे लोगों को सस्ते दामों पर बेच दिए जाते थे।
पहाड़ी पर घूमने गए युवक का मोबाइल छीना
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी सूरज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी वर्तमान में चौपानकी थाना क्षेत्र में किराये पर रहता है। उसने बताया कि वह शाम को बाबा मोहनराम काली खोली धाम घूमने गया था। शाम करीब छह बजे जब वह पहाड़ी पर घूमते हुए मोबाइल से कॉल करने का प्रयास कर रहा था, तभी चार युवक अचानक वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर उसका सैमसंग मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस मामले में भिवाड़ी थाने में प्रकरण संख्या 492/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल मीना और वृत्ताधिकारी लक्ष्मी सुथार के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर भी जानकारी जुटाई गई।
इसके बाद पुलिस ने मामले में वांछित रोहित उर्फ टिंडा और गुरुप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार कर छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
चार वारदातों में सात आरोपी गिरफ्तार
भिवाड़ी पुलिस के अनुसार, मोबाइल स्नैचिंग की चार वारदातों के संबंध में पिछले चार दिनों में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि राह चलते आमजन, विशेषकर मेहनतकश मजदूरों के साथ होने वाली स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल कमलेश और कांस्टेबल धर्मेंद्र की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक की ओर से दोनों पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें...तो क्या भिवाड़ी में पुलिस की शह पर चल रहा था! 'धमाके का धंधा'
