जयपुर में बेकाबू रोडवेज बस ने 4 वाहनों को मारी टक्कर, महिला की मौत
सीकर रोड पर हादसे का CCTV फुटेज आया सामने
मृतका तुलसी देवी
जयपुर के मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक रोडवेज बस ने दो कार, स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बेटे के साथ जा रही तुलसी देवी (49) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा धीरेंद्र सैनी और स्कूटी सवार महेश चौधरी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा खेतान चौराहे के पास दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ। श्रीमाधोपुर से जयपुर आ रही बस ने कट के पास खड़ी नीली कार को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद कार बाइक से टकरा गई। गिरने के बाद तुलसी देवी के ऊपर से कार का पहिया निकल गया। गंभीर हालत में उन्हें कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। स्कूटी सवार महेश के पैर में फ्रैक्चर हुआ।
थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि बस ड्राइवर राकेश कुमार (30) को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने ब्रेक के नीचे ईंट फंसी होने की बात कही। बस के 13 ट्रैफिक चालान भी लंबित हैं। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें