चूरू में दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, साथ जलीं चार चिताएं
बच्चों का मुंडन करवाने गुरुग्राम जा रहा था परिवार
तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी,6 लोगों की मौत
राजस्थान के चूरू जिले में तेज रफ्तार कार के ट्रक में घुसने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों और ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सादुलपुर क्षेत्र के ददरेवा के पास हुआ। परिवार बच्चों का मुंडन करवाने हरियाणा के गुरुग्राम स्थित कुलदेवी के मंदिर जा रहा था।
तारानगर थाना क्षेत्र के सोमसीसर गांव निवासी भंवरलाल शर्मा (60), उनकी पत्नी महेंद्र देवी (55), बहू यशोदा (34), बहू कविता (28), कविता के चार महीने के बेटे कन्हैया और कार चालक मांगीलाल नाई (31) की जान चली गई। यशोदा की नौ महीने की बेटी दिव्यांशी घायल हो गई। टक्कर के दौरान वह उछलकर कार में नीचे पैरों की तरफ जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई।
हादसे से करीब दो घंटे पहले छोटी बहू ने वॉट्सऐप स्टेटस पर एक वीडियो लगाया था। इसमें परिवार के सदस्य कार में बैठे खुश नजर आ रहे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर परिवार के लिए आखिरी साबित होगा।
शनिवार शाम जब छह शव गांव पहुंचे तो पूरे गांव में मातम छा गया। सास, ससुर और दोनों बहुओं की चार चिताएं एक साथ जलीं। इस दृश्य को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
वॉट्सएप पर लगाया था वीडियो स्टेटस
छोटी बहू कविता ने घर से निकलते ही वॉट्सएप पर वीडियो स्टेटस लगाया था। यशोदा आगे की सीट पर बैठी थी। उसकी गोद में बेटी दिव्यांशी थी। कविता बीच की सीट पर बैठी थी और उसकी गोद में उसका बेटा कन्हैया सो रहा था।
सास महेंद्र देवी भी यशोदा के पास सो रही थीं, जबकि ससुर भंवरलाल शर्मा पीछे की सीट पर थे। वीडियो में ड्राइवर मांगीलाल गाड़ी चलाता दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें