Tuesday, 15 September 2026

Home / Crime /

truck-owner-in-praya...

प्रयागराज में ट्रक मालिक ने वीडियो भेजने के बाद की आत्महत्या

49 सेकंड का वीडियो रिश्तेदारों और सोशल मीडिया पर किया शेयर

News Image

मौत के बाद घर पर रिश्तेदार और पड़ोसी

प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र में 38 वर्षीय ट्रक मालिक अरविंद तिवारी ने रविवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने 49 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड कर रिश्तेदारों को भेजा और सोशल मीडिया पर भी साझा किया। वीडियो में अरविंद ने पत्नी, ससुर और साले पर लगातार विवाद और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। उनका कहना था कि वह परिवार के लिए सब कुछ करने के बावजूद अपमानित महसूस कर रहे थे और अब जीने की इच्छा नहीं बची है। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले घर में पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। देर रात अरविंद घर से बाहर निकले और पास के मकान की छत से निकले सरिए पर फंदा लगाकर जान दे दी। रात करीब 2 बजे उनकी मां ने शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक की मां ने भी बहू और उसके मायके वालों पर बेटे को परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं, पत्नी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घर में सामान्य घरेलू विवाद होते थे और उन्हें अंदाजा नहीं था कि अरविंद इतना बड़ा कदम उठा लेंगे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

खबरों की अविरल धारा

यह भी पढ़ें
×