called-his-wife-home...
पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका से जांच में जुटी
मृतक कालू जाट व पत्नी दुर्गा देवी
भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के बरडोद गांव में सोमवार को एक दंपती मृत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला मान रही है। पुलिस के अनुसार, कालू जाट अपनी पत्नी दुर्गा देवी के साथ रविवार शाम अपने साढ़ू के घर आया था। रात दोनों ने परिवार के साथ भोजन किया और वहीं ठहरे। सोमवार सुबह परिवार के अन्य सदस्य खेत में फूल तोड़ने गए, जहां दुर्गा देवी भी उनके साथ चली गईं। इसी दौरान कालू ने फोन कर पत्नी को घर वापस बुला लिया। कुछ समय बाद जब परिजन लौटे तो कमरे में दुर्गा देवी का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि कालू जाट फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बताया कि महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या करने के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीरगढ़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों के अनुसार, कालू और दुर्गा ने करीब 11 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। उनके एक 10 वर्षीय बेटे और 7 वर्षीय बेटी हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।