superstition-destroy...
पत्नी की मानसिक बीमारी का इलाज कराने के बजाय तांत्रिक के चक्कर में पड़ा
सामुहिक आत्महत्या के बाद मौके पर पड़े शव
राजस्थान के फलोदी जिले में अंधविश्वास से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। देचू थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ स्थित एक कृषि फार्म पर किसान गेनाराम पटेल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह एक ही परिवार के चार शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गेनाराम की पत्नी पुष्पा लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। परिजनों के अनुसार, इलाज कराने के बजाय वह उसे झाड़-फूंक के लिए तांत्रिक के पास ले गया था। सोमवार रात परिवार के साथ फार्म लौटने के बाद यह घटना हुई। पुलिस को आशंका है कि गेनाराम ने पहले पत्नी और बच्चों को बेहोश किया, फिर 13 वर्षीय बेटी खुशबू, 11 वर्षीय बेटे किसन और पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फंदा लगाकर जान दे दी। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
मानसिक रूप से अस्वस्थ थी पत्नी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिला पुलिस अधीक्षक और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद चारों शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया। मामले में मृतका के भाई की रिपोर्ट दर्ज कर जांच जारी है। इस घटना की खबर बीठू गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर मानसिक बीमारी का चिकित्सकीय इलाज कराया जाता, तो शायद पूरा परिवार आज जीवित होता।
यह भी पढ़ें