sunil-kumar-vishnoi-...
राजस्थान पुलिस की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 में सहयोगकर्ता सुनील कुमार विश्नोई गिरफ्तार
एसओजी की गिरफ्त में दूसरी बार आया सुनील कुमार
सेंकड ग्रेड टीचर को सरकारी नौकरी और अच्छी भली तनख्वाह से पेट नहीं भरा तो सांचौर का एक युवक प्रतियोगी परीक्षाओं में पैसे लेकर डमी कैंडिडेट बैठाने लगा। सब इंस्पेक्टर भर्ती हो या पीटीआई भर्ती दूसरों के लिए परीक्षार्थी बिठाकर उन्हें पास कराता था। गलत काम का नतीजा गलत ही होता है, आखिरकार पकड़ा गया। एसओजी ने डमी कैंडिडेट बनकर प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने वाले सुनील कुमार पुत्र सोमाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया है। वह पहले भी पीटीआई भर्ती मामले में गिरफ्तार हो चुका था। सरकारी नौकरी से भी निलंबित हो गया। अब सब इंस्पेक्टर भर्ती मामले में दूसरी बार गिरफ्तार किया गया है।
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि उपनिरीक्षक पुलिस संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2021 में चयनित अभ्यर्थी डालूराम मीणा पुत्र रामखिलाडी मीणा के स्थान पर डमी अभ्यर्थी हरसनराम देवासी पुत्र आइदानराम को परीक्षा में बिठा कर परीक्षा उत्तीर्ण करवाकर अन्तिम रूप से चयन करवाने के संबंध में पुलिस थाना एसओजी में वर्ष 2024 जयपुर में प्रकरण दर्ज किया गया था।राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों पर रोक) अधिनियम 1992 पंजीबद्ध किया जाकर अनुसंधान किया गया। अभियुक्त डालूराम मीणा पुत्र रामखिलाडी व हरसनराम देवासी पुत्र आइदानराम तथा अन्य सहयोगी अभियुक्त उम्मेद सिंह को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया। प्रकरण में वांछित सहयोगी आरोपी सुनील कुमार पुत्र सोमाराम विश्नोई, उम्र 31 साल निवासी ग्राम पोस्ट सांकड, पुलिस थाना सांचौर, तहसील सांचौर, जिला जालौर हाल निलम्बित द्वितीय श्रेणी अध्यापक (विषय हिन्दी), डीईओ कार्यालय (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा सिरोही को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस अभिरक्षा में लिया जाकर अनुसंधान जारी है। आरोपी सुनील कुमार पूर्व में एसओजी, जयपुर में शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती परीक्षा 2022 के संबंध में दर्ज प्रकरण संख्या 58 / 2024 में चयनित अभ्यर्थी अशोक पटेल को डमी अभ्यर्थी उम्मेद सिंह उपलब्ध कराने की एवज में राशि प्राप्त करने पर गिरफ्तार किया जा चुका है।