कोचिंग क्लास में स्टूडेंट की जूते से पिटाई, CCTV फुटेज आया सामने
जागृति क्लासेज की घटना, छात्र की शिकायत पर टीचर के खिलाफ केस दर्ज
टीचर ने स्टूडेंट को क्लासरूम में जूते से पीटा
राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले में कोचिंग क्लास के अंदर स्टूडेंट से मारपीट का मामला सामने आया है। कुचामन स्थित जागृति क्लासेज में टीचर श्योपाल पर छात्र को थप्पड़, घूंसे और जूते से पीटने का आरोप है। घटना 10 अक्टूबर की है, जिसका CCTV फुटेज अब सामने आया है।स्टूडेंट पिछले छह महीने से हॉस्टल में रहकर आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा था। छात्र का आरोप है कि पिटाई के बाद टीचर ने दोबारा दिखाई देने पर फिर मारने की धमकी दी। वहीं, टीचर श्योपाल का कहना है कि अनुशासनहीनता के चलते छात्र को तीन महीने पहले हॉस्टल से निकाल दिया गया था। घटना के दिन छात्र क्लास में सो रहा था। बार-बार जगाने पर भी नहीं उठा और क्लास से बाहर जाने को कहने पर गाली-गलौज करने लगा।
थानाधिकारी राजेंद्र खदाव के मुताबिक, छात्र का मेडिकल करवाने के बाद रविवार शाम मामला दर्ज किया गया। एएसआई राजेंद्र कुमार फुटेज और आरोपों के आधार पर जांच कर रहे हैं।
