सात महीने की गर्भवती ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी
तीन साल पहले हुई शादी, पति-सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज
मृतकाअंतिमा और पति सौम्य
अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात 28 वर्षीय अंतिमा ने डबल डेकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। वह सात महीने की गर्भवती थी। पुलिस के अनुसार, घटना शांतिकुंज इलाके में हुई। मृतका जनता कॉलोनी निवासी रामनरेश की बेटी थी।
परिजनों ने बताया कि अंतिमा रात करीब 8 बजे स्कूटी लेकर घर से निकली थी। आत्महत्या से कुछ मिनट पहले उसने पति सौम्य राजपूत से फोन पर बात भी की थी। सुसाइड नोट में उसने पति और सास-ससुर पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए उन्हें सजा देने की मांग की है।
अंतिमा की शादी तीन साल पहले भरतपुर निवासी सौम्य से हुई थी, जो सकरपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रिंसिपल है। मृतका के भाई जसविंदर ने आरोप लगाया कि शादी में 31 लाख रुपए नकद, ग्रैंड विटारा कार और आभूषण देने के बावजूद उसे दहेज के लिए परेशान किया जाता था। भाई ने छह महीने पहले गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप भी लगाया है।
पुलिस ने शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर पति सौम्य, सास मंजू और ससुर गोपाल के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें