एक मजिस्ट्रेट का रीडर और दूसरी का ड्राइवर 40 हजार रिश्वत में फंसे
बांसवाड़ा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, बांसवाड़ा में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के लिपिक ग्रेड प्रथम (रीडर) एवं चालक (होमगार्ड) 40,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए
एसीबी के हत्थे चढ़े मजिस्ट्रेट के रीडर और ड्राइवर
बांसवाड़ा में दो ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के यहां तैनात एक रीडर और दूसरा ड्राइवर 40 हजार रुपए की रिश्वत मामले में फंस गए। एसीबी ने एक मजिस्ट्रेट के यहां ड्राइवर लगे होमगार्ड को दूसरे मजिस्ट्रेट के यहां रीडर लगे कोर्ट बाबू के लिए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। रिश्वत कांड के मुख्य सूत्रधार कोर्ट रीडर संदीप कुमार नानावटी को भी गिरफ्तार किया है। एसीबी की बांसवाड़ा ईकाई ने यह ट्रेप करते हुए आरोपी राहुल चंदेल, चालक (होमगार्ड) को आरोपी संदीप कुमार नानावटी, लिपिक ग्रेड प्रथम (रीडर के लिए परिवादी एवं सहपरिवादी से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते दबोचने से प्रदेश के न्यायिक कर्मचारियों में खलबली मच गई। रिश्वत मामला कोर्ट कर्मचारियों से जुड़ा है, ऐसे में एसीबी बड़ी ही सावधानी बरती रही है।
सजा नहीं दिलवाने के बदले रिश्वत
एसीबी के डीजी गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी बांसवाड़ा को प्राप्त शिकायत में परिवादिया को जमानत मिलने के बाद उसकी जमानत खारिज नहीं करवाने, न्यायालय में विचाराधीन मुकदमें में सजा नहीं दिलवाने तथा आगे प्रकरण में सहायता प्रदान करने की एवज में आरोपी संदीप कुमार नानावटी द्वारा दलाल राहुल चंदेल के माध्यम से रिश्वत राशि मांगने की शिकायत की गई थी।
40,000 रुपये रिश्वत राशि की मांग की पुष्टि
रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी संदीप कुमार नानावटी एवं उसके दलाल राहुल चंदेल द्वारा परिवादिया एवं सहपरिवादी से 40,000 रुपये रिश्वत राशि की मांग की पुष्टि हुई। इस दौरान आरोपियों द्वारा परिवादिया से 2,000 रुपये खर्चे-पानी के नाम पर मांगकर ग्रहण किए जाने की भी पुष्टि हुई।
एसीबी इकाई बांसवाड़ा की कार्रवाई
एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में एसीबी इकाई बांसवाड़ा के डीएसपी रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रेप किया गया। कार्रवाई में आरोपी दलाल राहुल चंदेल, चालक (होमगार्ड), अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला बांसवाड़ा को आरोपी संदीप कुमार नानावटी के लिए परिवादी एवं सहपरिवादी से 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि अपने हाथों से ग्रहण करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं आरोपी संदीप कुमार नानावटी को प्रकरण में मुख्य भूमिका होने के कारण गिरफ्तार किया गया।
एलडीसी और ड्राइवर के ठिकानों पर तलाशी
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। आरोपी संदीप कुमार नानावटी एवं आरोपी राहुल चंदेल के निवास स्थानों पर तलाशी की कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें