मुख्य सामग्री पर जाएं

Sunday, 1 November 2026

Home / क्राइम /

पुराने नोट और सिक्कों की करोड़ों की कीमत...

पुराने नोट और सिक्कों की करोड़ों की कीमत बताकर साइबर ठगी

जयपुर पुलिस की कार्रवाई, शातिर गिरोह के आठ बदमाश गिरफ्तार

पुलिस गिरफ्त में बदमाश

पुलिस गिरफ्त में बदमाश

फेसबुक पर OLD INDIAN CURRENCY की रील डालकर फंसाते थे लोगों को, 1500 रुपये रजिस्ट्रेशन के बाद जीएसटी के नाम पर ऐंठते थे लाखों

जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह राजस्थान के अलावा तमिलनाडु और केरल तक फैला हुआ था। आरोपी फेसबुक पर पुराने नोट और सिक्कों की तस्वीरें एवं रील डालकर लोगों को उनकी लाखों रुपये की कीमत मिलने का लालच देते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 14 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो कार, एयरटेल डोंगल और हिसाब-किताब की डायरी जब्त की है। पुलिस ने दो लोगों को ठगों के चंगुल से मुक्त भी कराया, जिन्हें बंधक बनाकर उनके परिजनों से लाखों रुपये की मांग की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य फेसबुक पर OLD INDIAN CURRENCY के नाम से पुराने एक, दो और पांच रुपये के नोटों तथा पुराने सिक्कों की तस्वीरें पोस्ट करते थे। रील देखने वाले लोग जब दिए गए व्हाट्सऐप नंबर पर संपर्क करते तो उनसे नोटों की फोटो मंगवाई जाती। इसके बाद ठग उन नोटों की कीमत कई लाख रुपये तक बताते और ग्राहक को विश्वास में लेने के लिए 1500 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर जमा करवाते थे।

इसके बाद ठगी का दूसरा चरण शुरू होता था। आरोपी नोटों की बताई गई कीमत के बराबर रुपये का बंडल तैयार करने का वीडियो बनाकर ग्राहक को भेजते और पार्सल भेजने के नाम पर 18 प्रतिशत जीएसटी की रकम क्यूआर कोड के जरिए जमा करवाते थे। लालच में फंसा व्यक्ति रकम जमा करता जाता और आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसे मांगते रहते थे। भुगतान से इनकार करने पर आरोपी फोन काटकर नंबर ब्लॉक कर देते थे।

खबरों की अविरल धारा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य जरूरत पड़ने पर अधिक मात्रा में पुराने नोट रखने वाले लोगों को राजस्थान या अपनी पसंद की जगह पर बुलाते थे। इसके बाद उनसे जीएसटी आदि के नाम पर बड़ी रकम मांगी जाती थी। रकम नहीं देने पर पीड़ित को हाथ-पैर बांधकर कमरे या वाहन में बंधक बनाया जाता और परिवार से पैसे की मांग की जाती थी।

पुलिस टीम ने नाई की थड़ी क्षेत्र में किराये के मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद निगरानी शुरू की थी। महंगी गाड़ियों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान दो लोगों को स्कॉर्पियो में बंधक बनाए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद रात में कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के मेवात क्षेत्र के साथ तमिलनाडु और केरल के लोग शामिल हैं। पुलिसके अनुसार गिरोह में अलग-अलग राज्यों में बैठे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें