Friday, 17 April 2026

Home / Bharat /

new-daily-train-serv...

सोनार किले से अब हर दिन लाल किले के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन

रेल मंत्री और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर नई ट्रेन को रवाना किया

News Image

ट्रेन का नाम 'स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस' रखने का आग्रह

जैसलमेर

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को जोड़ने वाली नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई ट्रेन के लिए लोगों ने रेल मंत्री का हार्दिक अभिनंदन किया और इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित दिया। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री शेखावत ने कहा कि यह ट्रेन को केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि देश के दिल दिल्ली को पश्चिमी सीमाओं से जोड़ने वाला एक बड़ा परिवर्तनकारी साधन है। शेखावत ने जैसलमेर के लोगों की भावना व्यक्त करते हुए रेल मंत्री से आग्रह किया कि नई ट्रेन का नाम 'स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस' रखा जाए। उन्होंने कहा कि यह नाम जैसलमेर की पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करेगा और इस सुनहरे भविष्य की नई पटकथा का आधार बनेगा। यह रेल केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र में रोजगार, व्यापार, सौर ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन जैसी अपार संभावनाओं को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जैसलमेर वालों, रेल चलानी है कि नहीं

जब तालियां कम बजीं तो केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि मुझे लगता है कि तालियां बजाने के वास्ते मैंने एक बार 'मनवार' करनी पड़े। जैसलमेर वालों, रेल चलानी है कि नहीं चलानी है? तालियां क्यों नहीं बजा रहे हो? यहां आए फौज वालों को भी इस रेल के चलने से बहुत लाभ होने वाला है। मुझे समझ में तो आएगा कि इस रेल का चलने से कोई लाभ होने वाला है। इसके बाद जब ज़ोरदार तालियां बजीं तो शेखावत ने चुटकी ली और बोले कि जैसलमेर की धरती में इतनी ताकत है कि यहां ऐसे रत्न पैदा हुए कि जिनके लिए दुनिया और देश ने हमेशा तालियां बजाईं। इसलिए इनकी ताली बजाने की आदत नहीं है, ताली बजवाने की है।

जैसलमेर की धरती का 'उत्तर भड़ किवाड़'

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने जैसलमेर की धरती को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह हजारों सालों तक देश के लिए 'उत्तर भड़ किवाड़' (उत्तरी दिशा का सुरक्षा द्वार) रही है। भारतीय सेना, वायुसेना और सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों व सैनिकों की बड़ी उपस्थिति का उल्लेख करते हुए शेखावत ने कहा कि यह नई ट्रेन विपरीत परिस्थितियों में तैनात सीमा प्रहरियों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सैनिकों से आह्वान किया कि वे आश्वस्त रहें कि पीछे खड़ा हुआ समाज हर हाल में उनके और उनके परिवार के साथ पूरी ताकत से खड़ा है, क्योंकि सीमा पर खड़ा सिपाही ही समाज की 'सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस' होता है।

शाम 5 बजे रवाना होकर 16 घंटे में दिल्ली पहुंचेगी

खबरों की अविरल धारा

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि नई ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता इसका समय है। पिछली ट्रेन देर रात 2:30 बजे रवाना होती थी, जिससे पर्यटकों को होटल का किराया अधिक चुकाना पड़ता था। ये ट्रेन शाम को 5 बजे यहां से रवाना होकर 16 घंटे में सुबह 9 बजे दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी, वह जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, लोहावट और ओसियां के लिए राजधानी और राज्य की राजधानी जयपुर के साथ जुड़ने का बहुत बेहतरीन टाइम शेड्यूल है। यह टाइमिंग पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए तय किया गया है और यह स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए वरदान साबित होगा।

मारवाड़ को 4000 करोड़ की परियोजनाएं

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा राजस्थान की मांगों को खुले मन से स्वीकार किया है। पिछले दो वर्षों में वैष्णव जी की कलम से राजस्थान को 4,000 करोड़ से अधिक की रेलवे परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने देश भर में 1,600 से अधिक रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की प्रधानमंत्री की योजना के तहत राजस्थान में 80-85 रेलवे स्टेशनों के विकास को मंजूरी देने के लिए भी धन्यवाद दिया।

मारवाड़ के बेटे को बनाया रेलमंत्री

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि यह राजनीतिक मंच नहीं है, लेकिन फिर भी चर्चा करना चाहता हूं। देश में लंबे समय तक रेल मंत्री या तो बिहार से आते थे या उत्तर प्रदेश से या कुछ समय के लिए बंगाल से। हम राजस्थान के लोग हमेशा एक सपना देखते थे कि शायद कभी हमारा राजस्थान का बेटा भी रेल का मंत्री बनेगा तो बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश की तरह रेल कनेक्टिविटी और मल्टीपल रेल लाइन बनेंगी। आबादी कम होते हुए भी जितना हमारा जायज हक है, कम से कम वो तो हमको मिल जाए, लेकिन हमारा जायज हक भी हमको नहीं मिल पा रहा था। मैं अभिनंदन करता हूं प्रधानमंत्री जी का, उन्होंने राजस्थान के बेटे को और इस मारवाड़ के बेटे को रेल मंत्री की जिम्मेदारी दी।

यह भी पढ़ें

खड़ी मालगाड़ी से टकराई पैसेंजर ट्रेन, 8 की मौत

×