ट्रेन में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट
ट्रेन में पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे बोर्ड सख्त
रात को मोबाइल या पावर बैंक चार्ज नहीं होगा
ट्रेन में सफर के दौरान रात को मोबाइल या पावर बैंक चार्ज करना अब संभव नहीं होगा। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों के चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों की सख्ती से पालना कराने को कहा है। नियमों की निगरानी के लिए अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रेलवे बोर्ड के ओएसडी, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (जनरल) शोभित गुप्ता ने 26 अक्टूबर को सभी क्षेत्रीय रेलों के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को पत्र जारी किया। इसमें पुराने निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
पावर बैंक फटने के बाद सख्ती
रेलवे बोर्ड के अनुसार, दक्षिण पूर्व रेलवे में हाल ही में एक घटना हुई, जहां तय समय में चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे। इसी दौरान चार्जिंग पर लगा यात्री का पावर बैंक फट गया। मुंबई-हावड़ा मेल (ट्रेन नंबर 12809) में एक यात्री का पावर बैंक 25 अक्टूबर 2026 की सुबह 3:38 बजे ब्लास्ट हो गया था। इसके बाद रेलवे ने अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के साथ परामर्श और प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए हैं।
यह भी पढ़ें