पुरोहितजी के कटला अग्निकांड में बड़ा एक्शन, CFO और AFO निलंबित
व्यापारियों ने फायर सिस्टम पर उठाए सवाल
पुरोहितजी का कटला अग्निकांड में दो अफसर सस्पेंड
जयपुर के पुरोहितजी के कटला और मणिहारों के कटला में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। डीएलबी ने जयपुर नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार मीणा और सहायक अग्निशमन अधिकारी कुलदीप माणतवार को निलंबित कर दिया। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो सात दिन में सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। कमेटी में डीएलबी के अतिरिक्त निदेशक को अध्यक्ष, मुख्य अभियंता को सदस्य और नगर निगम उदयपुर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
उधर, आग लगने के करीब 32 घंटे बाद भी शुक्रवार को सेठी कॉम्प्लेक्स में कुछ जगह लपटें उठती रहीं। दोपहर करीब 3:30 बजे एक दुकान में आग दिखाई देने पर दमकलकर्मियों ने उसे बुझाया। आग से 25 दुकानों में रखा करोड़ों रुपये का सामान जल गया।
प्रत्यक्षदर्शी गार्ड विक्रम सिंह के मुताबिक, चूड़ियों और मणिहारी सामान के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी और बाहर बरामदे में रखा सामान होने से लपटें तेजी से फैल गईं।
व्यापारी राजेश कुमार जैन ने बताया कि उनकी पांच दुकानों में शादी के सीजन और दीपावली के लिए लाखों रुपये का स्टॉक रखा था। करीब 50 लाख रुपये का फर्नीचर भी जल गया। उनका दावा है कि तीन-चार साल पहले व्यापारियों ने करीब चार से पांच करोड़ रुपये खर्च कर फायर फाइटिंग सिस्टम लगवाया था, लेकिन वह काम नहीं कर रहा था। अब व्यापारी सरकार से राहत की उम्मीद जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें