वोट चोरी से कानून और संस्थाएं प्रभावित-राहुल गांधी
55 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में CEC ज्ञानेश कुमार पर लगाए आरोप
राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर हमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को चुनाव आयोग, SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर करीब 55 मिनट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति का विरोध किया था, लेकिन उनकी आपत्ति पर ध्यान नहीं दिया गया।
राहुल गांधी ने चुनावों में अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत में सरकारों के खिलाफ एंटी-इंकंबेंसी का असर देखने को मिलता रहा है। उन्होंने 1971 के बांग्लादेश युद्ध के बाद इंदिरा गांधी के चुनावी प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि हाल के चुनावों में भाजपा के खिलाफ वैसी एंटी-इंकंबेंसी क्यों नहीं दिखी। उन्होंने इसका संबंध चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों से जोड़ा।
राहुल गांधी 2025 में भी SIR और मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगा चुके हैं। अगस्त 2025 में उन्होंने SIR को लेकर आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे। चुनाव आयोग ने उस समय इन आरोपों को खारिज करते हुए राहुल गांधी से सबूत देने या बयान वापस लेने को कहा था।
गुरुवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों को दोहराते हुए इसे लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़कर सवाल उठाए। उनके आरोपों पर चुनाव आयोग का पक्ष अलग रहा है।
यह भी पढ़ें