फ्लैट में इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और पत्नी ने की आत्महत्या , डायरी में मिला नोट
पांच साल का बेटा स्कूल से लौटा तो नहीं खुला दरवाजा
इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और पत्नी ने की आत्महत्या
धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र की गुरुद्वारा कॉलोनी में सोमवार को इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर और उनकी पत्नी के शव फ्लैट से मिलने पर हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। मौके से एक डायरी भी मिली है, जिसमें घटना से पहले लिखा गया नोट मिलने की जानकारी सामने आई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
करौली के नादौती निवासी बलराम मीणा अपनी पत्नी सरोज मीणा के साथ वर्ष 2024 से कॉलोनी में रह रहे थे। उनका करीब पांच वर्षीय बेटा आरुष भी साथ रहता था। सोमवार को आरुष स्कूल गया था। लौटने पर उसने फ्लैट का दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पड़ोसियों के पहुंचने के बाद दरवाजा खोला गया तो दंपती के शव मिले।
पुलिस के मुताबिक, बलराम ने घटना से करीब एक घंटे पहले सोशल मीडिया पर ‘अंतिम जोहार’ स्टेटस लगाया था। डायरी में मिले नोट की सामग्री पुलिस ने फिलहाल सार्वजनिक नहीं की है। जांच में सोशल मीडिया पोस्ट, नोट और अन्य परिस्थितियों को शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें