Tuesday, 15 September 2026

Home / Crime /

girl-goes-missing-in...

मां-बाप वोट डालने गए थे, पीछे से बेटी को उठा ले गया...

कानोता में लड़की के लापता होने की घटना, पुलिस तलाश में जुटी, घर से नकदी-जेवर भी गायब

News Image

लड़की का किडनैप

जयपुर के कानोता इलाके में रहने वाले एक दंपत्ति निकाय चुनाव के पहले चरण में वोट डालने अपने मूल निवास करौली गए थे। पीछे से एक युवक उनके घर से बेटी को ले गया। परिजनों ने अपहरण की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला सहमति का है या जोर-जबरदस्ती का यह तो लड़की के मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, लेकिन फिलहाल कानोता पुलिस जोर शोर से लड़की की तलाश में जुटी है।

कानोता पुलिस के मुताबिक किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एएसआई मातादीन को सौंपी है। लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ 8 सितंबर को करौली वोट डालने गया था। घर पर उसकी नाबालिग बेटी समेत अन्य बच्चे मौजूद थे। शिकायत के अनुसार 9 सितंबर की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच उसके बेटे का फोन आया और बताया गया कि कैलादेवी, करौली निवासी कमल सिंह उसकी बहन कविता को कथित तौर पर घर से ले गया है।

खबरों की अविरल धारा

शिकायतकर्ता के अनुसार सूचना मिलने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ कथित युवक के घर पहुंचा लेकिन वहां ताला लगा मिला। शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवक और उसके परिजनों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन फोन बंद मिले। परिजनों ने घर लौटकर सामान खंगाला तो कथित तौर पर उन्हें पता चला कि घर में रखे बक्से से 1 लाख 65 हजार रुपए नकद, सोने के कानों के कुंडल व मंगलसूत्र तथा चांदी की पायजेब और कनकती भी गायब हैं। एफआईआर में शिकायतकर्ता ने पुलिस से नाबालिग बेटी को बरामद कराने तथा मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें

कांग्रेस विधायकों वाले क्षेत्रों में सबसे ज्यादा वोटिंग, भाजपा वाले मतदाताओं को लाने में पिछडे़

×