बुजुर्ग महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने की चेन लूटी
पीछे से आए बदमाश ने झपट्टा मारकर तोड़ी चेन
बुजुर्ग महिला की चेन लूटी
जयपुर के मानसरोवर इलाके में शनिवार शाम एक बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात हुई। बदमाश ने महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गले से सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गया। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका। SHO सतीश चन्द के मुताबिक, रजत पथ निवासी 70 वर्षीय महिला शनिवार शाम करीब 6 बजे मंदिर जाने के लिए घर से निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर पीछे से आए बदमाश ने उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर डाल दिया।
आंखों में जलन के कारण महिला नीचे झुकीं, तभी आरोपी ने गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। महिला ने शोर मचाते हुए उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश गलियों से भाग निकला।
सूचना मिलने पर मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और आरोपी के हुलिए के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें