अजमेर में CRPF जवान से मारपीट और लूट
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर खाते से 89 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए
पुलिस थाना कृष्णगंज में एफआईआर
अजमेर में CRPF जवान के साथ मारपीट कर ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने मदद के बहाने जवान को जनाना अस्पताल बुलाया और कार में बैठाकर करीब दो घंटे तक शहर में घुमाया। इस दौरान उसका वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई और अलग-अलग बैंक खातों में करीब 89 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए गए।
पीड़ित के मुताबिक, 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे उसे मोबाइल पर मदद का मैसेज मिला था। अस्पताल पहुंचने पर एक युवक ने मरीज होने की बात कहकर उसे सफेद कार में बैठा लिया। इसके बाद तीन अन्य युवक भी कार में सवार हो गए और मारपीट की।
जवान ने बताया कि कार के नंबर के अंतिम अंक वीआईपी थे। करीब दो घंटे बाद आरोपी उसे बाइक के पास छोड़ गए। जाते समय मोबाइल से सिम निकाल ली। अगले दिन कृष्णगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें