Saturday, 1 August 2026

Home / Crime /

contractor-dies-afte...

उदयपुर में डंपर और दीवार के बीच फंसे ठेकेदार की मौत

बजरी से भरे डंपर को रिवर्स कराते समय हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

News Image

वो स्थान जहां हुआ दर्दनाक हादसा

उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ठेकेदार की मौत हो गई। बजरी से भरे मिनी डंपर को रिवर्स कराते समय वह डंपर और मकान की दीवार के बीच फंस गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सलूंबर जिले के जनकावड़ा निवासी 35 वर्षीय मुकेश मीणा के रूप में हुई है। वह भोपामगरी आजाद नगर क्षेत्र में मकानों का निर्माण कार्य करवा रहे थे। मंगलवार शाम एक निर्माणाधीन मकान पर बजरी खाली कराते समय यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुकेश डंपर चालक को पीछे लेने के निर्देश दे रहे थे। इसी दौरान वाहन दीवार तक पहुंच गया और वह डंपर व दीवार के बीच दब गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ ही मिनट पहले मुकेश ने मजदूरों का पूरा भुगतान करते हुए कहा था, "आज तक का हिसाब हो गया, अब कल का कल देखेंगे।" इसके कुछ देर बाद ही यह हादसा हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खबरों की अविरल धारा

यह भी पढ़ें
×