देहरादून पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाशों के पैर पर लगी गोली
पटेल नगर क्षेत्र में पुलिस तथा बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, हरिद्वार के बदमाश देहरादून में वारदात के इरादे से आए थे, पुलिस ने रोका तो कर दिया हमला, जवाबी फायरिंग में गोली लगी
मुठभेड़ में घायल बदमाशों को जंगल से उठाकर लाती पुलिस
देहरादून पुलिस की बदमाशों के साथ शनिवार रात सिंहनीवाला में मुठभेड़ हो गई। पटेल नगर थाना इलाके के नया गांव क्षेत्र में रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्तियों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। बाइक सवार पुलिस टीम को चैकिंग करता देख बाइक को तेजी से भगाते हुए चौकी नयागांव की ओर भाग गए। जिस पर पुलिस टीम द्वारा कंट्रोल रूम के माध्यम से संदिग्ध बाइक सवार व्यक्तियों की तलाश हेतु जनपद के अन्य थानों को सूचित करते हुए उनका पीछा किया गया तो दोनों बाइक सवार भुड़पुर की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायर कर दिया, जिससे पुलिस के सरकारी वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, इस दौरान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर गिरने से दोनों बदमाश मोटरसाइकिल को छोड़कर जंगल की ओर भाग गये, जिनका पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर दोनों बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर पुनः फायर कर दिया।
पुलिस ने की जवाबी फायरिंग
पुलिस द्वारा अपने बचाव में किए गए जवाबी फायर में दोनों बदमाश के पैर पर गोली लग गई। घायल बदमाशों की पहचान समीम पुत्र इलियास निवासी मदरसे के पास बड़ी मस्जिद रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार, उम्र 35 वर्ष तथा शहजाद पुत्र इकलाख निवासी पम्पे के सामने कब्रिस्तान के पास रामपुर, रुड़की, हरिद्वार, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई। मौके से पुलिस टीम को अभियुक्तों के कब्जे से 02 तमंचे 315 बोर, 04 जिंदा कारतूस, 06 खोखा कारतूस व 01 फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस द्वारा घायल बदमाशो को तत्काल उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अभियुक्तों से पूछताछ में उनके द्वारा आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में देहरादून आना तथा पटेल नगर व उसके आस पास के क्षेत्र में घूमते हुए बंद घरों की रैकी करना बताया गया। पुलिस टीम पर किए गए जानलेवा हमले के संबंध में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली पटेल नगर पर FIR दर्ज की गई है।
फिर से वारदात करने आए थे देहरादून
पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा पूर्व में पटेल नगर तथा विकास नगर क्षेत्र में शाम के समय बंद घरों की रैकी कर कई चोरी/नकबजनी की घटनाओं का अंजाम दिया गया था। उक्त घटनाओं में मिले माल को उनके द्वारा हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेच दिया था, आज भी दोनों अभियुक्त आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हरिद्वार से देहरादून आए थे तथा पटेल नगर व उसके आसपास के क्षेत्र में घूम कर बंद घरों की रैकी कर रहे थे। पुलिस से बचने के लिए अभियुक्तो तो द्वारा अपनी मोटरसाइकिल में टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुके हैं, जिनके विरुद्ध हरिद्वार तथा देहरादून में गैंगस्टर सहित कई आपराधिक घटनाओं के दर्जनों अभियोग पंजीकृत है।
मुठभेड़ में घायल बदमाश
1- समीम पुत्र इलियास निवासी मदरसे के पास बड़ी मस्जिद रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार, उम्र 35 वर्ष
2- शहजाद पुत्र इकलाख निवासी पम्पे के सामने कब्रिस्तान के पास रामपुर, रुड़की, हरिद्वार, उम्र 40 वर्ष
बरामदगी
1- 2 देसी तमंचे 315 बोर
2- 4 जिंदा कारतूस
3- 6 खोखा कारतूस
4- फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस
यह भी पढ़ेंदेहरादून का क्राइम कंट्रोल नहीं कर पा रहे थे ssp अजय सिंह, सरकार ने बदल दिया
