Wednesday, 16 September 2026

Home / Crime /

contractor-devendra-...

सीवर लाइन में दो मजदूरों की मौत का आरोपी ठेकेदार गिरफ्तार

बिना सुरक्षा उपकरण के सफाईकर्मियों को सीवर की सफाई करने उतार दिया था, दम घुटने से दो मजदूरों की हो गई थी मौत

News Image

जयपुर में करघनी थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार

जयपुर के करधनी थाना इलाके में अप्रैल माह में सीवर लाइन की सफाई के दौरान दो मजदूरों की दम घुटने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी देवेंद्र सैनी पुत्र बाबूलाल सैनी, निवासी जयलाल मुंशी का रास्ता, चांदपाेल बाजार, जयपुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शेखावाटी कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़ा ठेकेदार बताया गया है। हादसे के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3.09 बजे जरिये कंट्रोल रूम सूचना मिली थी कि शेखावत मार्ग, सिंघानिया क्रॉस के पास करघनी इलाके में सीवर लाइन की सफाई के लिए नगर निगम की ओर से कर्मचारी उतरे थे। इसी दौरान एक मजदूर की मौत हो गई और दूसरा बेहोश होकर सीवर में गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सीवर लाइन में उतरने के बाद दोनों मजदूर जहरीली गैस अथवा दम घुटने की स्थिति में फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने प्रयास किए। बाद में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो सफाईकर्मियों की हो गई थी मौत

हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मौके से सामने आए तथ्यों और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि सीवर लाइन में मजदूरों को उतारते समय आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और बचाव संसाधनों का पर्याप्त इंतजाम नहीं किया गया था। आरोप है कि मजदूरों को बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था के सीवर लाइन में उतारा गया, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने मृतकों की पहचान रामबाबू सिहोत्रा और अजय उर्फ सेठी के रूप में की। दोनों की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों मजदूर सीवर लाइन/टैंक की सफाई के काम में लगाए गए थे।

ठेकेदार हो गया था मौके से फरार

खबरों की अविरल धारा

पुलिस के अनुसार घटना के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया था। जांच टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर तलाश की और संबंधित लोगों से पूछताछ की। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।जांच में यह भी सामने आया कि सीवर की सफाई के दौरान मजदूरों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराना जरूरी था। इसके बावजूद उन्हें बिना पर्याप्त सुरक्षा साधनों के सीवर में उतारे जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मजदूरों को किसके निर्देश पर सीवर लाइन में उतारा गया था और मौके पर सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए।

हो सकती है कुछ और गिरफ्तारियां

पुलिस ने मामले में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंपे थे। परिजनों की ओर से मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी तय की जाएगी। फिलहाल देवेंद्र सैनी की गिरफ्तारी को इस मामले में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हुई दो मौतों ने एक बार फिर मैला ढोने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

यह भी पढ़ें
×