सैलून में महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप
मसाज के दौरान एसी के पास रखे मोबाइल से हुई रिकॉर्डिंग
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना
जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र के एक सैलून में महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी देवेंद्र उर्फ देवाराम को पकड़कर उसका मोबाइल जब्त किया है। फिलहाल उसे शांति भंग की धारा में गिरफ्तार किया गया है और फोन की जांच की जा रही है।
महिला के अनुसार, सैलून संचालिका ने बॉडी ब्लीच और मसाज पर डिस्काउंट का ऑफर बताकर उसे सर्विस के लिए तैयार किया। मसाज के दौरान उसकी नजर एसी के पास रखे मोबाइल पर पड़ी, जिससे वीडियो रिकॉर्ड किया जा रहा था। महिला ने फोन छीन लिया। आरोपी ने वीडियो डिलीट करने की बात कही, लेकिन पुलिस के मुताबिक रीसायकल बिन में वीडियो मिले।
महिला ने दावा किया कि मोबाइल में अन्य महिलाओं के भी आपत्तिजनक वीडियो थे। पुलिस ने महिला अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सैलून संचालिका की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें