दूसरी शादी छिपाकर विधवा कोटे से नौकरी लेने का आरोप
पति ने दर्ज कराई जयपुर में पत्नी के खिलाफ FIR
गंभीर अपराध
जयपुर में एक सरकारी शिक्षिका पर दूसरी शादी और तीसरी संतान की जानकारी छिपाकर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए विधवा कोटे से नौकरी हासिल करने का आरोप लगा है। महिला के दूसरे पति ने 22 सितंबर को पुलिस में शिकायत दी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता 45 वर्षीय जयपुर निवासी है। शिकायत के अनुसार, दोनों ने मई 2021 में लव मैरिज की थी। महिला के पहले पति की मौत हो चुकी थी और उससे दो बेटियां थीं। दूसरी शादी के बाद मार्च 2022 में एक और बेटी का जन्म हुआ।
ग्रेड थर्ड शिक्षक के पद पर चयन
पति का आरोप है कि महिला ने जून 2022 में शिक्षा विभाग को दिए शपथ-पत्र में पहली शादी के बाद दोबारा शादी नहीं करने की घोषणा की, जबकि उस समय उनकी शादी हो चुकी थी। वर्ष 2022 में महिला का चयन ग्रेड थर्ड शिक्षक के पद पर हुआ शिकायत में नगर निगम के विवाह प्रमाण-पत्र, RTE के तहत बेटी का निशुल्क प्रवेश और अन्य सरकारी लाभ के लिए गलत दस्तावेज इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए हैं। पति ने स्कूल की प्रिंसिपल पर शिकायत दबाने का आरोप लगाया है।
विभागीय जांच शुरू
पति ने यह भी दावा किया कि उसने पत्नी को फोन पर उसे रास्ते से हटाने की बात करते सुना। पुलिस ने इस आरोप की जांच की बात कही है। शिक्षा विभाग ने उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर प्रथमदृष्टया मामला गंभीर मानते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब शिकायतकर्ता के बयान और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें