Thursday, 17 September 2026

Home / Crime /

a-treasure-worth-cro...

‘दो घूंट’ लगाकर उगल दिया करोड़ों के खजाने का राज

जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में विद्याधर का रास्ता के पुराने मकान की तुड़ाई में निकला था करोड़ों का खजाना

News Image

जयपुर पुलिस की गिरफ्त में ठेकेदार और चार मजदूर

जयपुर के त्रिपोलिया बाजार के एक पुराने मकान की तुड़ाई के दौरान निकले करोड़ों के खजाने का राज एक नशेड़ी मजदूर ने दो घूंट पीकर उगल दिया। इसकी सूचना मकान मालिक तक पहुंच गई, तो उसने फिर उसी मजदूर को दो घूंट पिलवाकर खजाने का राज उगलते हुए वीडियो बनवा लिया। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए करोड़ों के खजाने का पर्दाफाश करते हुए करीब पौने दो करोड़ की चांदी बरामद कर ली। मामला त्रिपोलिया बाजार में विद्याधर का रास्ता के मकान नंबर 630 से जुड़ा है। जर्जर (गिरासू) हो जाने के कारण नगर निगम का नोटिस मिलने पर इसे गिराकर नया भवन बनाने के दौरान करोड़ों का खजाना मिला था। पुलिस ने इस केस का खुलासा करते हुए 66.400 किलोग्राम चांदी की दो सिल्लियां बरामद कर ली हैं। खजाना निकालकर ले जाने वाले ठेकेदार और 4 मजदूरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में चांदी के करीब 1500 सिक्के भी निकलने का पता चला है, जिनकी बरामदगी के प्रयास जारी है।  

ठेकेदार और चार मजदूरों ने मिलकर बांट लिया, पांचों अरेस्ट

पुलिस ने बताया कि राहुल सेठी ने अपने पुश्तैनी मकान पर नया बनवाने के लिए जेवी किया था। जेवी वाले ने तुड़ाई का ठेका महेश मल्होत्रा उर्फ छोटू को दिया था। उसने जगदीश राजोरिया, ओमप्रकाश खींची उर्फ पप्पू,अनुज अरोड़ा और रजनी मल्होत्रा को तुड़ाई के काम में लगाया। पुराने मकान की तुड़ाई के दौरान खजाना निकला था। ठेकेदार और मजदूरों ने इसे आपस में बांट लिया। दो सिल्लियां और 300सिक्के ठेकेदार महेश ने रख लिए। इसके अलावा 300-300 सिक्के चार अन्य ने बांट लिए थे। इनमें से किसी ने सिक्के बेचकर ट्रैक्टर खरीद लिया, किसी ने बेटे की शादी कर दी, एक ने मकान बनवा लिया तो एक ने कुछ जेवर भी बनवा लिए थे।

शराबी सिक्के बेच नहीं पाया तो ठेकेदार को लालच आ गया

इस खेल में शामिल एक मजदूर अनुज शराब का आदी है, वह सिक्के बेच नहीं पा रहा था, तो उसने ठेकेदार को बताया। ठेकेदार ने उसके 300 सिक्के लेकर बदले में सिर्फ 50 हजार रुपए पकड़ा दिए बताए। अनुज ने कुछ समय में रुपए शराब में उड़ा दिए। रुपए खर्च हो गए, तो ठेकेदार के यहां चक्कर काटने लगा। ठेकेदार ने रुपए नहीं दिए, तो वह कुंठित हो गया। एक दिन शराब के नशे में कुछ लोगों के बीच खजाना मिलने वाली घटना का जिक्र कर दिया। इन लोगों में एक पुलिस का मुखबिर टाइप था, हालांकि वह पुलिस के पास नहीं गया, पर अनुज का वीडियो बनाकर मकान के मूल मालिक राहुल सेठी तक पहुंच गया और उन्हें पूरा मामला बता दिया। राहुल काे फोटो दिखाया तो उसने पहचान लिया कि मजदूर यहीं था। पुष्टी के लिए सेठी ने भी बोतल लेकर अनुज के पास अपना आदमी भेजा तो दो घूंट लगाकर उसने पूरा मामला फिर से दोहरा दिया। राहुल सेठी ने भी अपने स्तर पर इसका वीडियो बनवा लिया और FIR करा दी। इसके बाद दो IPS अधिकारियों से प्रेशर डलवाया।

खबरों की अविरल धारा

जयपुर पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी

जयपुर नार्थ के डीसीपी करण शर्मा (IPS) ने बताया कि पुलिस थाना माणकचौक पर 15 जुलाई 2026 को एक दर्ज हुआर था। जिसमें प्रकरण पुराने भवन को तोडकर नवीन भवन बनाने के निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार को भवन को तोडते वक्त मिले कीमती सामान चांदी के सिक्के, चांदी की सिल्लियां, स्वर्ण कलश आदि को भवन मालिक को न सौंपने एवं सरकार को इस बारे मे अवगत कराए बिना ही अपने साथियों के साथ मिलकर कीमती सामान को खुर्द बुर्द करने की शिकायत की। पुलिस ने पहले परिवाद दर्ज कर सभी को बुलाकर पूछताछ की तो पता चला कि जगदीश राजोरिया ने बताया कि उसे 200 चांदी के सिक्के मिले थे, जिन्हें बेचकर बेटे की शादी की दी। तब मामले में एफआईआर दर्ज की गई। 

थाना पुलिस के साथ डीएसटी की टीम को भी लगाया

मामले की पड़ताल के लिए माणक चौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया एवं डीएसटी प्रभारी दिलीप सोनी को दिशा-निर्देश जारी किए गए। एक विशेष टीम का गठन किया। घटना का मौका मुआयना किया गया तो पता चला वहां तो अब तक नया मकान बन चुका है। डीएसटी टीम ने क्रॉस इनवेस्टिगेशन की तो सभी आराेपियों ने एक दूसरे के सारे राज उगल दिए। घटना को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ठेकेदार से चांदी के दो सिल्लियां बरामद कर ली गई हैं। एफआईआर में दो अन्य लोगों के नाम भी थे, जिनमें रेहान और सुल्तान के बारे में पुलिस ने अनुसंधान जारी होने की बात कही है।

यह भी पढ़ें
×