भरतपुर के सूखे कुएं में मिली 5 करोड़ की दवाइयां, आगरा से लाकर छिपाने का खुलासा
पांच आरोपी गिरफ्तार
सूखे कुएं में मिली 5 करोड़ की दवाइयां
बयाना तहसील के खटनावाली गांव में सूखे कुएं से बरामद करीब 5 करोड़ रुपए की दवाइयों के मामले में जांच में नया खुलासा हुआ है। जांच के अनुसार दवाइयां आगरा से लाकर राजस्थान में छिपाई गई थीं। कुएं से दवाओं के 274 कार्टन मिले हैं। इनमें हृदय रोग, डायबिटीज और एलर्जी से संबंधित दवाइयां शामिल हैं।
मामले में होलसेलर हिमांशु अग्रवाल समेत इकरार, शामिन, सलुआ उर्फ मुकीम और आशीष को गिरफ्तार किया गया है। जांच के मुताबिक हिमांशु पहले भी उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उस पर गिरफ्तारी से बचने के लिए एक करोड़ रुपए की रिश्वत देने की कोशिश का आरोप भी था। दिसंबर में जेल से बाहर आने के बाद उसके दोबारा इस कारोबार से जुड़ने की बात सामने आई है।
राजस्थान ड्रग डिपार्टमेंट की सूचना पर यूपी विभाग ने आगरा के मलपुरा क्षेत्र में एक बाड़े से दवाओं का बड़ा भंडार बरामद किया। यहां दवाओं के भंडारण और खरीद-बिक्री से संबंधित लाइसेंस नहीं मिला।
जांच में सलुआ के मोबाइल से दवाइयों को डीजल डालकर जलाने के वीडियो भी मिले हैं। बरामद दवाओं की गुणवत्ता, बैच नंबर, निर्माण और एक्सपायरी डेट की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें