Four-police-personne...
यूपी के अयोध्या साइबर क्राइम थाने से आए चार पुलिसकर्मी 2.80 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
एसीबी सीकर इकाई द्वारा बड़ी कार्रवाई
रामनगरी (अयोध्या) से एक साइबर फ्राॅड केस की जांच करने राजस्थान आए यूपी पुलिस के चार रिश्वतखोर पुलिसवाले श्याम नगरी (सीकर) में रिश्वत लेते हुए पकड़े गए। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. इकाई सीकर द्वारा मंगलवार 18 अगस्त को ट्रैप कार्रवाई करते हुए यूपी पुलिस के थाना साइबर क्राइम, जनपद अयोध्या के यशवन्त सिंह, उप निरीक्षक, पवन त्रिपाठी, कांस्टेबल, सोहनलाल, एवं गौरव चारग, कांस्टेबल को परिवादी से 2.80 लाख रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
चार लाख मांग रहे थे 2.80 लाख लेते पकड़े गए
एसीबी डीजी गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. को परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि उसके भाई के विरुद्ध पुलिस थाना साइबर क्राइम, जनपद अयोध्या में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2024 में उसके भाई का नाम हटाने की एवज में आरोपी पुलिसकर्मियों द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही है। 17 अगस्त को रिश्वत राशि मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी गौरव चारग, कांस्टेबल द्वारा परिवादी से 4 लाख रुपये रिश्वत राशि की मांग की गई तथा बातचीत के दौरान 2,80,000 रुपये में रिश्वत राशि लेना तय हुआ।
एसीबी ने ऐसे पकड़ी यूपी पुलिस की रिश्वतखोर गैंग
रिश्वत की डिमांड की पुष्टि होने पर ए.सी.बी. जयपुर के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में ए.सी.बी. सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व एवं पुलिस निरीक्षक सुभाष मील मय टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी यशवन्त सिंह, उप निरीक्षक, पवन त्रिपाठी कांस्टेबल, सोहनलाल कांस्टेबल एवं गौरव चारग कांस्टेबल की मौजूदगी में आरोपीसोहनलाल कांस्टेबल द्वारा परिवादी से 2,80,000रुपये रिश्वत राशि प्राप्त की गई। इस पर ए.सी.बी. टीम द्वारा चारों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया।
एसीबी में केस रजिस्टर कर अग्रिम अनुसंधान
ए.सी.बी. की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस परिमला के सुपरवीजन में आरोपीगण से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। ए.सी.बी. द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 94135-02834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।
यह भी पढ़ें