क्रिकेट खेलते समय 25 वर्षीय युवक को आया अटैक, मौत
मैच से पहले टॉस कराते हुए वीडियो भी आया सामने
मैच से पहले टॉस कराते हुए रामराज
दौसा जिले के महवा क्षेत्र में रविवार शाम क्रिकेट खेलते समय एक 25 वर्षीय युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान समलेटी गांव निवासी रामराज के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
समलेटी सरपंच रचना मीणा के अनुसार, रामराज रविवार शाम करीब 3:30 बजे दोस्तों के साथ गांव के खेल मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। मैच के दौरान अचानक उसके सीने में दर्द होने लगा। साथियों ने उसे निजी कार से महवा जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर ले जाते समय दौसा के पास रामराज ने दम तोड़ दिया।
घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रामराज दोस्तों के साथ मैच शुरू होने से पहले टॉस कराता नजर आ रहा है। टॉस जीतने के बाद उसकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।
रामराज की शादी करीब पांच महीने पहले अप्रैल में हुई थी। वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। उसका छोटा भाई राहुल मीणा भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। पिता गांव में खेती करते हैं।
महवा सीआई महेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि युवक की हार्ट अटैक से मौत की सूचना मिली है, हालांकि परिजनों की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें