10-year-old-boy-kidn...
घर से लापता होने के एक दिन बाद बेसमेंट में बोरे से मिला शव
10 वर्षीय वैभव वर्मा का बोरे में मिला शव
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खजनी कस्बे में ज्वेलरी कारोबारी के 10 वर्षीय पोते की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। बच्चे का शव उसके घर से करीब 20 मीटर दूर रहने वाले पड़ोसी के मकान के बेसमेंट में बोरे के भीतर मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वैभव वर्मा सोमवार शाम स्कूल से घर लौटने के बाद साइकिल लेकर खेलने निकला था, लेकिन कुछ देर बाद लापता हो गया। परिवार को उसकी साइकिल लावारिस मिली और आसपास तलाश के दौरान एक चप्पल भी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली गई। फुटेज में बच्चा पड़ोस में रहने वाले एक कंप्यूटर शिक्षक के साथ जाता दिखाई दिया। पूछताछ में आरोपी लगातार गुमराह करता रहा, कड़ी पूछताछ के दौरान उसने अपहरण के बाद हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के बेसमेंट से बच्चे का शव बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है और लखनऊ से फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है।