मुख्य सामग्री पर जाएं

Thursday, 26 November 2026

Home / सिटी /

दीपावली पर जयपुर में वेब लिंक और QR कोड...

दीपावली पर जयपुर में वेब लिंक और QR कोड से देखें ट्रैफिक का प्लान

दीपावली के 6 दिवसीय पर्व पर सुगम यातायात के लिए 6 नवंबर से 11 नवंबर तक पिंक सिटी में लागू रहेगा स्पेशल ट्रैफिक प्लान

QR कोड से मिलेगी पार्किंग की लाइव जानकारी

QR कोड से मिलेगी पार्किंग की लाइव जानकारी

दीपावली पर्व पर गुलाबी नगरी में उमड़ने वाली भीड़ और बाजारों में जाम की समस्या से निपटने के लिए जयपुर यातायात पुलिस ने इस बार हाईटेक तैयारी की है। पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण नायक नूनावत ने गुरुवार को प्रेस क्लब में जानकारी देते हुए बताया कि आमजन की सुविधा के लिए पहली बार QR कोड आधारित यातायात सूचना प्रणाली शुरू की गई है।

धनतेरस, रूपचतुर्दशी, दीपावली और गोवर्धन पूजा का त्यौहार इस वर्ष 06 नवंबर से 09 नवंबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान छोटी काशी के सभी प्रमुख बाजारों जौहरी बाजार, बापू बाजार, त्रिपोलिया, चांदपोल सहित परकोटे के अंदर रोशनी और सजावट के कारण लाखों लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है।

इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने https://diwali.jaipurtrafficpolice.in वेबलिंक और QR कोड जारी किया है। आमजन अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर रियल टाइम में यह जान सकेंगे कि किस क्षेत्र में जाम है, कहां पार्किंग खाली है और कौन सा वैकल्पिक रास्ता बेहतर रहेगा। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।

पार्किंग के लिए यह रहेगी व्यवस्था

पुलिस ने शहर को चार जोन में बांटकर पार्किंग प्लान बनाया है। झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड की तरफ से आने वाले वाहन चांदपोल अनाज मंडी और चांदपोल मेट्रो स्टेशन पार्किंग में पार्क किए जा सकेंगे। वहीं माउंट रोड, ब्रह्मपुरी और चौगान की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए चौगान स्टेडियम के अंदर पार्किंग निर्धारित की गई है।

खबरों की अविरल धारा

सीकर रोड, अजमेर रोड, मानसरोवर और टोंक रोड, जवाहर लाल नेहरू मार्ग से आने वाले लोग अपने वाहन रामनिवास बाग स्थित भूमिगत पार्किंग और JDA पार्किंग में लगा सकेंगे। परकोटे के निवासियों के लिए 6 से 9 नवंबर तक रामलीला मैदान में विशेष पार्किंग की सुविधा रहेगी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मुख्य मार्गों और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जाएगी।

मेट्रो से करें सफर

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे दीपावली के दौरान निजी वाहनों की बजाय जयपुर मेट्रो का अधिकतम उपयोग करें। त्यौहार के दौरान मेट्रो का संचालन देर रात तक किया जाएगा, ताकि लोग जाम से बचकर आसानी से घर पहुंच सकें। किसी भी सहायता के लिए यातायात हेल्पलाइन 1095, 2565630, 2561256 और व्हाट्सएप हेल्प डेस्क 8764866972 पर संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें