the-pratap-nagar-pol...
जयपुर में प्रताप नगर थाना पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की बेटी सहित सात आरोपी गिरफ्तार
प्रताप नगर थाने में गिरफ्तार हत्या के आरोपी
जयपुर। जयपुर पूर्व जिले के प्रताप नगर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की बेटी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह मामला पहले सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन गहन जांच में सामने आया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी, जिसे सुपारी देकर अंजाम दिया गया। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को आदर्श नगर निवासी 45 वर्षीय राकेश कुमार शर्मा ने प्रताप नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बहन नीरज शर्मा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। परिजनों ने शुरू से ही इस दुर्घटना पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन की गतिविधियां सामने आईं। पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसके मालिक और उसमें सवार लोगों तक पहुंच बनाई। लगातार पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या की गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतका की बेटी ने अपने जाऊ, उसके बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार संपत्ति और नौकरी पाने के लालच में पिछले तीन महीनों से हत्या की योजना बनाई जा रही थी। आरोप है कि हत्या के लिए करीब सात लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। पहले भी हत्या का प्रयास किया गया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद स्कॉर्पियो वाहन से टक्कर मारकर घटना को सड़क हादसे का रूप दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में मृतका की बेटी, उसके ताऊ और सुपारी लेने वाले युवकों तथा साजिश में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में भरतपुर जिले के कई युवक शामिल हैं, जबकि मृतका के जेठ पर भी षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप है। एक आरोपी लड़की ताऊ का बेटा बलराम उर्फ रवि अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
प्रताप नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण और लगातार पूछताछ के कारण इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा संभव हो पाया। मामले की आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें