stricter-measures-at...
चोरी के मामले में तीन लोगों पर कार्रवाई, सीसीटीवी निगरानी में होगी पूरी गिनती
गुजरात के अंबाजी मंदिर में दान चोरी का मामला
गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थस्थल अंबाजी मंदिर में दान राशि की चोरी का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बनासकांठा कलेक्टर मिहिर पटेल ने दान की गिनती की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी की है। कुछ समय पहले दान की गिनती के दौरान एक कर्मचारी पर नोटों का बंडल छिपाने का आरोप लगा था, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। मामले में चिराग ठाकोर, विवेक शर्मा और निकुल पटेल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से हटाया गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। नई व्यवस्था के तहत दान गिनने वाले सभी कर्मचारियों की गिनती स्थल में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से पुलिस जांच की जाएगी। पूरी प्रक्रिया पर निगरानी के लिए करीब 20 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी रिकॉर्डिंग छह महीने तक सुरक्षित रखी जाएगी। प्रशासन का कहना है कि नई SOP से भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही दान की गिनती का लाइव प्रसारण शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।