Saturday, 1 August 2026

Home / Crime /

solving-a-theft-case...

'दिल खुश' करने के लिए AC की तैसी करने वाला गिरफ्तार

मुहाना थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर चोर गिरफ्तार, 20 किलो कॉपर वायर बरामद

News Image

घरों से AC के कॉपर वायर और पाइप्स काटने वाला

जयपुर। पुलिस थाना मुहाना ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर 'दिलखुश' को गिरफ्तार किया है। वह लोगों के घरों से AC के कॉपर वायर और पाइप्स काट ले जाता था। इलाके में कई वारदात हो गई थी, आरोपी के कब्जे से करीब 20 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त हेमंत शर्मा के सुपरविजन में थाना मुहाना के थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, परिवादी रिंकू चौधरी ने 23 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके शोरूम के बाहर लगे रेडटेप (Redtape) के शोरूम से कॉपर वायर चोरी हो गई। रिपोर्ट में बताया गया कि 25 अक्टूबर 2025 को शुरू हुए शोरूम में यह तीसरी चोरी की घटना थी, जिससे करीब 3.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ। इस संबंध में मुहाना थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

खबरों की अविरल धारा

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्र के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलखुश मेरोठा (24 वर्ष) निवासी ग्राम राजौर बकरी का पुरा, थाना मामचारी, जिला करौली (हाल निवासी ब्रह्मपुरी की ढाणी, पत्रकार कॉलोनी, जयपुर) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से लगभग 20 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद की गई है। थाना मुहाना पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में शहर की अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह भी पढ़ें
×