राजस्थान में मानसून की विदाई का दूसरा चरण शुरू, जैसलमेर में पारा 40.5 डिग्री
जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई
जयपुर से मानसून की विदाई
राजस्थान में मानसून की विदाई का दूसरा चरण शुरू हो गया। बीकानेर संभाग के साथ जयपुर संभाग के कुछ इलाकों से भी मानसून विदा हो चुका है। सोमवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा। दिनभर तेज धूप के कारण कई इलाकों में गर्मी और उमस का असर देखने को मिला। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में गर्मी अधिक रही। यहां ज्यादातर जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। जैसलमेर में सबसे ज्यादा गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह लगातार दूसरा दिन है, जब जैसलमेर का तापमान 40 डिग्री के पार रहा। वहीं बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है। अगले चार दिन मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई होने का अनुमान जताया है।
राजधानी जयपुर में सोमवार को दिन का तापमान 34 डिग्री, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां भी अगले तीन-चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें