Sunday, 2 August 2026

Home / Crime /

retired-teacher-coup...

बेटे का जन्मदिन मनाने जा रहे रिटायर्ड शिक्षक दंपती की सड़क हादसे में मौत

बूंदी से कोटा जा रहे थे पति-पत्नी, बाइक को टक्कर मारकर ट्रक चालक फरार

News Image

बेटे का जन्मदिन मनाने कोटा जा रहे थे दंपती

बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए बूंदी से कोटा जा रहे एक रिटायर्ड शिक्षक और उनकी पत्नी की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। ट्रक का पहिया पति की कमर और पत्नी के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिसके कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, हादसा केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास हुआ। मृतकों की पहचान कापरेन निवासी रिटायर्ड शिक्षक केदार लाल शर्मा (65) और उनकी पत्नी गीता शर्मा (55) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती अपने छोटे बेटे सुनील का जन्मदिन मनाने कोटा जा रहे थे। घर पर पूरा परिवार उनके इंतजार में था और जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने बताया कि दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि उनकी जान नहीं बच सकी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

खबरों की अविरल धारा

यह भी पढ़ें
×