rajasthan-police-hea...
राजस्थान पुलिस मुख्यालय के डिकॉय ऑपरेशन में फंस गए 11 थानेदार, पुलिस मुख्यालय ने राजस्थान भर में चलाया डिकॉय ऑपरेशन
पुलिस मुख्यालय की सतर्कता शाखा का बड़ा एक्शन
राजस्थान पुलिस मुख्यालय की सर्तकता शाखा vigilance ने बड़ा धमाका कर दिया। अपने ही विभाग के खिलाफ डिकॉय ऑपरेशन चलाकर स्टिंग कर दिया। प्रदेश के पुलिस थानों से अवैध बजरी परिवहन, माफिया से मिलीभगत और काम में लापरवाही की निगरानी करते हुए 11 थानाधिकारियों के खिलाफ कड़ा एक्शन ले लिया। बजरी माफिया के साथ गहरी सांठगांठ वाले 5 थाना इंचार्ज निलंबित कर दिए गए। इनमें जयपुर के शिवदासपुरा, टोंक जिले के पीपलू और बरौनी, अजमेर जिले के पीसांगन और धौलपुर जिले में कोतवाली थानाधिकारी शामिल हैं।
राजस्थान पुलिस मुख्यालय की सतर्कता शाखा ने राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ा अभियान छेड़ा है। एडीजी पुलिस विजिलेंस एस. सेंगाथिर के निर्देशन में प्रदेश भर में चलाए गए डिकॉय ऑपरेशन के बाद कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अवैध बजरी खनन में संलिप्तता पाए जाने पर गाज गिरी है। इस कार्रवाई में 5 पुलिस निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि 6 अन्य को लाइन हाजिर किया गया है।
एडीजी सेंगाथिर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गठित 11 विशेष टीमों ने 18 और 19 दिसंबर को राज्य के विभिन्न जिलों में गुप्त तरीके से डिकॉय ऑपरेशन को अंजाम दिया। इन टीमों ने आम नागरिक बनकर पुलिस थानों की कार्यप्रणाली, नाकाबंदी और गश्त व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सामने आया कि कई थानों में न केवल बजरी के अवैध परिवहन को नजरअंदाज किया जा रहा था, बल्कि ड्यूटी के प्रति भी भारी लापरवाही बरती जा रही थी।
11 थाना इंचार्ज पर कार्रवाई
जांच में दोषी पाए जाने पर 21 दिसंबर को पुलिस मुख्यालय ने सख्त कदम उठाते हुए 11 थानाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई हैं।
पांच थानाधिकारी सस्पेंड
शिवदासपुरा जयपुर साउथ थाना इंचार्ज सुरेंद्र सिंह
पीपलू टोंक थानाधिकारी रघुवीर सिंह
बरौनी टोंक थानाधिकारी बृजेंद्र सिंह
पीसांगन अजमेर थानाधिकारी प्रहलाद सहाय
कोतवाली धौलपुर थानाधिकारी बृजेश कुमार
को सस्पेंड कर दिया गया है।
छह थानाधिकारी लाइन हाजिर
गुलाबपुरा,भीलवाड़ा थानाधिकारी हनुमान सहाय
कुन्हाड़ी, कोटा शहर थानाधिकारी मांगे लाल
नान्ता, कोटा शहर थानाधिकारी चेतन
लालसोट, दौसा थानाधिकारी श्रीकिशन
गंगरार, चित्तौड़गढ़ थानाधिकारी दुर्गा प्रसाद
लूणी, जोधपुर पश्चिम थानाधिकारी हनुवंत सिंह
11 थानों के 15 पुलिस वालों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि बजरी माफिया के मददगारों के लिए विभाग में जगह नहीं है। प्रदेश में बजरी के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में किसी भी पुलिसकर्मी की मिलीभगत या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे दोषी कार्मिकों के विरुद्ध त्वरित अनुशासनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें।ऑपरेशन में दोषी मिले 11 थानों के 15 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए पीएचक्यू से आईजी जयपुर, कोटा, भरतपुर और अजमेर को निर्देश जारी किए गए हैं।
सिर्फ खनन ही नहीं, व्यवहार पर भी पैनी नजर
इससे पहले नवंबर माह में भी सतर्कता शाखा ने एक व्यापक अभियान चलाया था। उस दौरान जीरो एफआईआर दर्ज न करने, परिवादियों से दुर्व्यवहार, साइबर क्राइम की शिकायतों पर ढिलाई, एसपी ऑफिस में प्राप्त परिवादों में परिवाद अनुभाग की कार्यप्रणाली, थाना अधिकारियों की गश्त प्रणाली एवं कार्यशाली और महिला डेस्क पर आने वाली महिलाओं के साथ संवेदनहीन व्यवहार जैसे बिंदुओं पर डिकॉय ऑपरेशन किया गया था।
यह भी पढ़ें