Thursday, 16 April 2026

Home / Crime /

protest-agnest-jaipu...

जयपुर पुलिस से नाराज लोग शव लेकर धरने पर बैठे

सांगानेर सदर थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप, महात्मा गांधी अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर धरना

News Image

पुलिस पंचनाम भरती रही, परिजन पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे

जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर जिस युवक ने जहर खाकर जान दी, उसके परिजन शनिवार सुबह महात्मा गांधी अस्पताल के बाहर शव लेकर धरने पर बैठ गए। परिजन सांगानेर सदर थाना पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस के शीर्ष अधिकारी मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। लापरवाही की जांच और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

मृतक युवक रवि नामा पुत्र स्व. बजरंग नामा फाइनेंस एजेंट का काम करता था। वह तीन भाइयों में बीच का था। उसने शुक्रवार दोपहर अपने बडे़ भाई को कॉल कर कहा था कि जहर खा लिया है मरने जा रहा हूं। इस पर परिजन सांगानेर सदर थाने पहुंचे और रवि के मोबाइल की लास्ट लोकेशन निकलवाकर बचाने की गुहार लगाई थी। करीब दो ढाई घंटे बाद पुलिस कंट्रोल रूम को रवि की लाश पटरी के पास पड़े होने की सूचना मिली। तब तक उसकी मौत हो गई थी।

परिजनों का आरोप था कि जब से थाने गए तो पुलिसकर्मी रामावतार ने कहा कि 'मर जाए तो आ जाना पोस्टमार्टम करा देंगे'। परिजन पुलिस के इस रवैये से नाराज हैं और रवि की मौत के लिए पुलिस की लेटलतीफी को जिम्मेदार बता रहे हैं।

मामले में एडिशनल डीसीपी जयपुर साउथ ललित किशोर शर्मा ने बताया कि परिजनों से बात कर रहे हैं। ACP को अस्पताल भेजा गया है। परिजन जो आरोप लगा रहे हैं, उनकी सत्यता की जांच कराई जाएगी, किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आई तो एक्शन हो जाएगा।

यह भी पढ़ें

जहर खाकर लड़के ने भाई को कॉल किया, मैं मरने जा रहा हूं...

×