जमुई छात्रा बदसलूकी केस: कोर्ट से जेल जाते आरोपी को वकील ने मारा थप्पड़
महिला सुरक्षा को लेकर विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
राजद कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन
जमुई में छात्रा से बदसलूकी के मामले में गिरफ्तार आरोपी हरेराम यादव को बुधवार शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पेशी के बाद कोर्ट परिसर से बाहर निकलते समय अधिवक्ता आकाश पांडे ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया। आकाश पांडे ने कहा कि घटना को लेकर उनके भीतर काफी आक्रोश था और यह थप्पड़ आरोपी के कृत्य के खिलाफ लोगों के गुस्से का प्रतीक है।
इस दौरान बाहर मौजूद लोगों ने भी आरोपी से सवाल किए। वहीं, घटना को लेकर पटना में राष्ट्रीय जनता दल की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। RJD ने मामले में कड़ी कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल की मांग की है। पार्टी नेता नजीमा जमाल ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए तीखी टिप्पणी की। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी आरोपियों को सख्त सजा दिए जाने की मांग कर चुके हैं।
इधर, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राज्यपाल से मिलने पहुंचे। जन सुराज संघर्ष वाहिनी ने भी जमुई की घटना के विरोध में पटना में प्रदर्शन और नागरिक मार्च का ऐलान किया है।
यह भी पढ़ें