गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए मां गंगा के दर्शन
मुखबा के लिए रवाना हुई मां गंगा की उत्सव डोली
गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद
उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इससे पहले मंदिर को पांच क्विंटल फूलों से सजाया गया। सेना के बैंड की धुन के बीच मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई।
डोली करीब 25 किलोमीटर की यात्रा कर मुखबा पहुंचेगी। रास्ते में भैरव मंदिर और मार्कण्डेय मंदिर पड़ाव होंगे। मार्कण्डेय मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद 11 नवंबर को डोली मुखबा मंदिर पहुंचेगी। अगले छह महीने तक यहीं मां गंगा की पूजा-अर्चना होगी और श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
कड़ाके की ठंड के बावजूद कपाट बंद होने के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह तापमान माइनस 10 डिग्री दर्ज किया गया। मंदिर समिति के अनुसार, इस सीजन में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
अब इन धामों के कपाट होंगे बंद
चारधाम यात्रा के तहत यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को क्रमशः सुबह 10:28 और 8:30 बजे बंद होंगे। वहीं, बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9:37 बजे बंद किए जाएंगे। शीतकाल में यमुनोत्री की पूजा खरसाली, केदारनाथ की ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और बद्रीनाथ की पांडुकेश्वर व जोशीमठ में होगी।
यह भी पढ़ें