जयपुर में 9 अक्टूबर को गौ अधिकार महासभा
9 के बजाय 12 महीने अनुदान और बढ़ी सहायता राशि की मांग
चर्चा करते हुए गोसेवक
प्रदेश की गौशालाओं को मिलने वाले सरकारी अनुदान में बढ़ोतरी और गौवंश से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर गौसेवक अब आंदोलन की तैयारी में हैं। राजस्थान गौ सेवा समिति के प्रदेश स्तरीय आह्वान पर 9 अक्टूबर को जयपुर की पिंजरा पोल गौशाला में गौ अधिकार हुंकार महासभा आयोजित होगी। इसमें प्रदेशभर से हजारों गौसेवकों के पहुंचने की संभावना है।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि चारे और पानी की लागत लगातार बढ़ने से मौजूदा अनुदान में गौशालाओं का संचालन मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि सरकार वर्तमान में नौ महीने के लिए सहायता देती है, जिसे पूरे 12 महीने किया जाना चाहिए।
राजस्थान गौ सेवा समिति के बाड़मेर जिलाध्यक्ष आलोक सिंघल के अनुसार, तीन साल से कम उम्र के गौवंश के लिए 50 रुपए और बड़े गौवंश के लिए 100 रुपए प्रतिदिन अनुदान दिया जाए। उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए गौवंश के संरक्षण के लिए पशु शिविर और चारा डिपो खोलने की भी मांग की।
समिति ने 12 अंकीय टैग से जुड़े मामले में भी आपत्ति जताई है। पदाधिकारियों के अनुसार, गौवंश पर टैग लगाने की जिम्मेदारी पशुपालन विभाग की है, लेकिन इसके बावजूद गौशालाओं से रिकवरी की जा रही है। समिति इसे अनुचित बताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग कर रही है। महासभा में इन सभी मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें