couple-dies-after-be...
घर के बाहर सो रहे परिवार को जहरीले सांप ने काटा
सांप के डंसने से दंपती की मौत, बेटा अस्पताल में भर्ती
राजस्थान के बाड़मेर जिले में सांप के डंसने से एक दंपती की मौत हो गई, जबकि उनका 5 वर्षीय बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना सेड़वा क्षेत्र के फागलिया गांव की है। जानकारी के अनुसार श्रवणराम (28), उनकी पत्नी लाछी (23) और बेटा विकास घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। रात के दौरान किसी जहरीले सांप ने तीनों को डंस लिया। रविवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान लाछी की मौत हो गई, जबकि श्रवणराम को रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। बच्चे का उपचार जोधपुर एम्स में जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना 'पीवणा' नामक सांप के डंसने से हुई हो सकती है, जिसे क्षेत्र में बेहद जहरीला माना जाता है। यह सांप रात के समय सक्रिय रहता है और इसके काटने पर शुरुआती लक्षण बहुत कम दिखाई देते हैं, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल पाने का खतरा बढ़ जाता है।
प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार के सांप के काटने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की है।