जयपुर में कोचिंग स्टूडेंट का अपहरण, 7 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा
200 किलोमीटर दूर करौली में सड़क किनारे छोड़कर फरार हुए हमलावर
जयपुर में कोचिंग स्टूडेंट का अपहरण
जयपुर से एक कोचिंग स्टूडेंट के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्टूडेंट का भाई किसी की पत्नी को भगा ले गया। दूसरे पक्ष ने उसके भाई को जयपुर में पकड़ लिया। 7 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा गया। हमलावर उसे करीब 200 किलोमीटर दूर करौली जिले में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ASI जयसिंह के अनुसार करौली के मामचारी निवासी युवक गोनेर रोड स्थित बैरवा कॉलोनी में किराए पर रहकर रेलवे परीक्षा की तैयारी कर रहा है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह कोचिंग के लिए निकला था। महात्मा गांधी हॉस्पिटल के पीछे पहुंचने पर 5-6 युवकों ने उसे रोक लिया और मोबाइल छीन लिया।
भाई के बारे में पूछकर किया हमला
अपहरण करने आए बदमाशों ने उससे पूछा कि उसका भाई उसकी पत्नी को भगाकर क्यों ले गया। इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट की और उसे कार में डालकर ले गए। आरोप है कि चलती कार में भी उसके साथ मारपीट जारी रही। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए गए। दोपहर करीब 4 बजे उसे करौली के मासलपुर स्थित रामपुरा पावर हाउस के सामने सड़क किनारे पटककर फरार हो गए। मासलपुर थाना पुलिस ने उसे करौली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें