Sunday, 2 August 2026

Home / Crime /

challans-issued-to-1...

13 दिन में 1.10 लाख वाहनों पर चालान, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के खिलाफ चला विशेष अभियान

News Image

विशेष ट्रैफिक अभियान के दौरान वाहनों की जांच करती पुलिस टीम

राजस्थान में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 4 जून से 16 जून 2026 के बीच 1,10,206 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर, प्रेशर हॉर्न, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन करने वालों पर सख्ती बरती जा रही है।

ब्लैक फिल्म के सबसे ज्यादा मामले

अभियान के दौरान सबसे अधिक 41,982 कार्रवाई वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म को लेकर की गई। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिन्ह के 28,462, अनाधिकृत शब्द व चिन्ह लिखने के 15,156, वाहन संरचना में अवैध बदलाव के 10,606, लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर और हूटर के 8,066 तथा प्रेशर हॉर्न के 5,934 मामलों में चालान बनाए गए।

एक दिन में 7,328 वाहनों पर कार्रवाई

16 जून को अकेले प्रदेशभर में 7,328 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें ब्लैक फिल्म के 2,565 और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के 1,917 मामले प्रमुख रहे।

खबरों की अविरल धारा

जयपुर पश्चिम रहा सबसे आगे

जिला स्तर पर 16 जून को जयपुर पश्चिम में सबसे अधिक 487 कार्रवाई दर्ज की गई। इसके बाद जयपुर ग्रामीण, जयपुर ट्रैफिक, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, बांसवाड़ा और भीलवाड़ा का स्थान रहा।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अनिल पालीवाल
डीजी ट्रैफिक 

यातायात पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे वाहनों में किसी भी प्रकार की अवैध मॉडिफिकेशन, ब्लैक फिल्म, अनाधिकृत बत्ती, फ्लैशर, हूटर या नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग न करें। सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि ये कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में की जा रही हैं। 


यह भी पढ़ें
×