car-collides-with-tr...
रॉन्ग साइड से फोरलेन पर चढ़ रहे ट्रक से भिड़ी कार, चालक गंभीर रूप से झुलसा
टक्कर के बाद डीजल टैंक फटने से लगी थी आग
बिहार के गया जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास करीब 1:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झारखंड से पटना की ओर जा रही कार की टक्कर एक खाद से लदे ट्रक से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक सर्विस लेन से रॉन्ग साइड फोरलेन पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कार ट्रक के डीजल टैंक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद डीजल टैंक फट गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दो लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।