bjp-leads-in-rajasth...
निकाय चुनाव में राजस्थान में अजब-गजब मामले, कहीं 90 प्रतिशत सीटों पर निर्दलीय जीते, कहीं भाजपा प्रत्याशी को मिला 1 ही वोट
एक तरफ मतगणना चल रही थी, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री गणेशजी के दरबार में खड़े थे
राजस्थान के नगर निकाय चुनाव परिणाम में भाजपा को बढ़त मिली है। गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश का आशीर्वाद हो गया। मतगणना से पहले सीएम भजन लाल शर्मा सोमवार सुबह-सुबह ही मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंच गए। सपत्नीक उन्होंने गणेशजी को ढोक लगाई। इसके बाद चुनाव परिणाम आने लगे और एक-एक कर भाजपा को बढ़त मिलती गई।
प्रदेश के 10 नगर निगम में जयपुर समेत 5 में भाजपा को बढ़त मिली। जयपुर, अलवर, भीलवाड़ा, कोटा और उदयपुर में भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा हैं। दूसरी तरफ अजमेर, बीकानेर, और पाली में कांग्रेस को बढ़त मिली है। अजमेर में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी पर बहुमत नहीं मिला, चाबी निर्दलीयों के हाथ में है। उधर जोधपुर में भाजपा-कांग्रेस को बराबर सीट मिली। वहां 10 निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं, चाबी उनके हाथ में है। भरतपुर नगर निगम निर्दलियों के हाथ चला गया। प्रदेश के निकाय चुनाव में ओवरऑल बीजेपी प्रत्याशी रहे। कांग्रेस दूसरे नंबर है, लेकिन सीटों का अतंर बहुत ज्यादा नहीं रहा।
जयपुर में चर्चित नाम जीते
जयपुर में सुनील कोठारी, पुनीत कर्नावट, नीरज अग्रवाल, बह्मकुमार सैनी, शिवकांता पांडे जीत गए। भाजपा के बागी दिनेश कांवट की पत्नी मंजू जीत गई। जयपुर में AIMIM का भी खाता खुल गया, वार्ड 146 से लुकमान जीत गए।
जयपुर में चर्चित नाम हारे
जयपुर में पूर्व मेयर रही ज्योति खंडेलवाल, नटवर कुमावत हार गए।
कई जगह अजब-गजब परिणामों ने चौंकाया
भाजपा प्रत्याशी को केवल एक वोट मिला
परबतसर नगर पालिका में बीजेपी प्रत्याशी कैलाश चंद को महज 1 वोट मिला है। वार्ड नंबर 13 में कुल 573 वोट पड़े थे। लेकिन कैलाश चंद्र को महज एक ही वोट मिला। यहां तक कि उनकी पत्नी और माता-पिता ने भी कांग्रेस प्रत्याशी को वोट दे दिया। परबतसर नगर पालिका में हालांकि बीजेपी का परचम लहराया गया। यहां 25 में से 13 वार्ड में बीजेपी ने जीत हासिल की। 12 पर कांग्रेस को जीत मिली।
जयपुर में कांग्रेस प्रत्याशी की बड़ी जीत
जयपुर के वार्ड 110 (रामगंज व आसपास) में कांग्रेस के गजनफर अली की जयपुर में सबसे बड़ी जीत हुई है। जगनफर अली ने 10,114 वोट से जीत दर्ज की है। इस वार्ड से भाजपा उम्मीदवार फरीद्दुदीन जैकी की जमानत जब्त हो गई।
जयपुर में ज्योति खंडेलवाल की बड़ी हार
जयपुर में पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल हार गई। वे पहले कांग्रेस में थी। भाजपा ज्वाइन करने पर उन्हें वार्ड 110 पार्षद का टिकट मिला था, लेकिन वे कांग्रेस की सुनीता मेठी से 2700 मतों से हार गई। उनकी बड़ी हार हुई।
झालावाड़ में भाजपा की हार ने चौंकाया
झालावाड़ जिले की कुल आठ निकायों में से चार में कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत प्राप्त कर लिया। झालावाड़ नगर परिषद में बीजेपी का सफाया हो गया। इसके अलावा भवानी मंडी, खानपुर और डग में भी कांग्रेस को बहुमत मिल गया। चार जगह बीजेपी काे भी बहुमत मिला।
25 सीट में 22 तो निर्दलीय जीत गए
श्रीगंगानगर के सार्दुलशहर नगर पालिका सीट पर 25 वार्डों में 22 निर्दलीय जीत गए। वहां भाजपा के सिर्फ 2 और कांग्रेस को 1 सीट मिली है। यहां निर्दलीय ही चेयरमैन चुनेंगे।
जोधपुर में फंस गया गेम
जोधपुर नगर निगम की 100 सीट में भाजपा-कांग्रेस को बराबर 44-44 पर जीत मिली है। वहां 10 निर्दलीय जीत गए और 1 सीट आरएलपी ने जीत ली। ऐसे में पेंच फंस गया। यहां चाबी निर्दलीय प्रत्याशियों के हाथ में चली गई।
इस चुनाव ने कई दिग्गजों की सियासी जमीन हिला दी
पूर्व सीएम और भाजपा की दिग्गज नेता वसुंधर राजे का विधानसभा क्षेत्र है झालावाड़। झालावाड़ नगर परिषद भाजपा हार गई। जोधपुर में पूर्व सीएम अशोक गहलोत जिस वार्ड में रहते हैं, वहां कांग्रेस प्रत्याशी हार गया। झोटवाड़ा में मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ जिस वार्ड में रहते हैं, वहां का भाजपा प्रत्याशी हार गया। मदन दिलावर अपने वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को नहीं जिता पाए।
कांग्रेस विधायकों वाले क्षेत्रों में सबसे ज्यादा वोटिंग, भाजपा वाले मतदाताओं को लाने में पिछडे़