bharatpur-trader-mur...
घटनास्थल पर कराया सीन रिक्रिएट
फायरिंग के आरोपियों की बाजार में परेड, घटनास्थल पर कराया सीन रिक्रिएट
भरतपुर में बर्तन व्यापारी की हत्या और लूट के प्रयास के मामले में गिरफ्तार आरोपियों बलराम और प्रवीण को पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया। इसके बाद दोनों की बाजार में पैदल परेड भी कराई गई, जहां राहगीरों की भीड़ उन्हें देखती रही।
मामले के जांच अधिकारी पवन यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को उस दुकान के पास भी ले जाया गया, जहां वारदात से पहले उन्होंने रेकी की थी। पुलिस के अनुसार, यही दोनों आरोपी पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर चिकसाना थाना प्रभारी ब्रजेश मीणा पर फायरिंग करने की घटना में भी शामिल थे। उस मामले की जांच भी जारी है।
गौरतलब है कि 5 जुलाई को शहर में दो व्यापारियों को निशाना बनाया गया था। पुष्प वाटिका कॉलोनी में किराना व्यापारी से नकदी लूटी गई, जबकि अखड्ड तिराहे पर बर्तन व्यापारी चंद्रभान को गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने पहले आरोपी महेश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। बाद में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से बलराम और प्रवीण को पकड़ा गया। भरतपुर लाते समय प्रवीण ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और थाना प्रभारी पर दो फायर किए। जवाबी कार्रवाई में प्रवीण के पैर में गोली लगी, जबकि भागने के दौरान गिरने से बलराम घायल हो गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है।
यह भी पढ़ें