assistant-engineer-a...
टोंक में ACB की बड़ी कार्रवाई
मीटर वापस देने के बदले मांग रहे थे रिश्वत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टोंक में बिजली विभाग के एक सहायक अभियंता और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर उपभोक्ता को कार्रवाई का डर दिखाकर रिश्वत मांगने का आरोप है।
ACB के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि 4 जून को वि विभाग की टीम उसके घर पहुंची थी। टीम ने बिजली मीटर की फोटो ली और मीटर को अपने साथ ले गई। इसके बाद बिजली विभाग के सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर ने वीसीआर (विजिलेंस चेक रिपोर्ट) भरने की धमकी देते हुए मीटर वापस देने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बातचीत के बाद आरोपी 25 हजार रुपये से घटाकर 20 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया।
इसके बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया। जांच एजेंसी के मुताबिक सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर ने परिवादी को अपने कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद शाजिम को रुपये देने के लिए कहा। परिवादी ने तय योजना के अनुसार 20 हजार रुपये शाजिम को दिए। शाजिम ने रकम अपने हाथों से लेकर गिनी और अपने पास रख ली।
इसी दौरान ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
कार्रवाई उप महानिरीक्षक नारायण टोगस की निगरानी में की गई। फिलहाल ACB आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें