abhijeet-dipak-u-tur...
एयरपोर्ट नहीं सीधे जंतर-मंतर बुलाया समर्थकों को
एयरपोर्ट पर भीड़ नहीं चाहते, समर्थकों से की नई अपील
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भारत वापसी से ठीक पहले अपने समर्थकों के लिए जारी अपील में बड़ा बदलाव किया है। पहले जहां दिपके ने लोगों से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत करने की बात कही थी, वहीं अब समर्थकों से एयरपोर्ट न आने और सीधे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील कर रहे हैं।
अभिजीत दिपके ने 4 जून की रात सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि उन्हें उम्मीद से कहीं अधिक समर्थन मिल रहा है। ऐसे में एयरपोर्ट पर भारी भीड़ जुटने से आम यात्रियों और सुरक्षा व्यवस्था को परेशानी हो सकती है। इसलिए समर्थक एयरपोर्ट के बजाय जंतर-मंतर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हों।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन की मांगेंगे अनुमति
जानकारी के अनुसार 6 जून को दिल्ली पहुंचने के बाद वे सबसे पहले संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। इसके बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दिपके ने दावा किया था कि भारत पहुंचते ही उन्हें एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया जा सकता है। इसी के साथ उन्होंने समर्थकों से बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पहुंचने की अपील भी की थी। हालांकि अब उन्होंने भीड़ जुटाने के बजाय जिम्मेदार और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन चलाने पर जोर दिया है।
भारत आने के पीछे उद्देश्य
अमेरिका में रह रहे अभिजीत दिपके का 6 जून को भारत आने का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करना है। नीट पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ियों को मुद्दा बनाते हुए पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसी मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन प्रस्तावित है।
यह भी पढ़ें